भाजपा नेता के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत
बाजपुर : भाजपा नेता के पुत्र की बुधवार रात मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। इसकी सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। रानीबाग घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री सहित अनेक लोगों ने घटना पर दुख जताया।
बरहैनी निवासी भाजपा मंडल महामंत्री खीम सिंह दानू का 20 वर्षीय पुत्र शिवराज सिंह दानू उर्फ शिब्बू बाइक से बुधवार को रामनगर गया था। देर रात लगभग 10 बजे घर लौटते वक्त बैलपड़ाव के निकट बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में शिवराज की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर घर गए। गुरुवार को चित्रशिला घाट रानीबाग में उसका अंतिम संस्कार किया गया। हादसे की जानकारी से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शिवराज के आवास पर शोक जताने वालों का तांता लग गया। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, सुरेंद्र सिंह नामधारी, जगतार सिंह बाजवा, मेजर सिंह, वीरेंद्र बिष्ट, रजनीत सिंह, डॉ. मोहन पांडे, योगेश मुनगली, गोपाल कोछड़, कोमल सैनी, अमर पांडे, खुशाल सिंह, कल्लू सिंह, दान सिंह, पूरन जोशी, जसवंत सिंह, देवेंद्र रंधावा, सन्नी आनंद, हरीश भट्ट, कमल गोला, विमल शर्मा, कुलदीप सिंह, नरेंद्र सौराणी, जरनैल सिंह, मान सिंह, हरीश दानू आदि ने शोक जताया।