तूफान के दौरान पेड़ गिरा, महिला की मौत
शनिवार को आए तेज तूफान के दौरान टिन शेड के कीचन के ऊपर पेड़ की टहनी टूटकर गिरने से घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। उधर, उत्तरकाशी में यमुनाघाटी क्षेत्र चली आंधी के बाद से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है।
घनसाली (टिहरी)। शनिवार को आए तेज तूफान के दौरान टिन शेड के कीचन के ऊपर पेड़ की टहनी टूटकर गिरने से घायल महिला की अस्पताल में मौत हो गई। उधर, उत्तरकाशी में यमुनाघाटी क्षेत्र चली आंधी के बाद से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है।
जानकारी के मुताबिक घनसाली ब्लॉक में पट्टी ग्यारह गांव के अंतर्गत दोणी गांव निवासी सुबधा (55 वर्ष) शनिवार की शाम टिन शेड के कीचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान चली आंधी के चलते कीचन के पीछे एक पेड़ की डाल टूटकर कीचन के ऊपर गिर गई। इससे कीचन की छत क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई।
हादसे में सुबधा बुरी तरह घायल हो गई। उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान आधी रात के बाद दो बजे उसने दम तोड़ दिया।
उधर, उत्तरकाशी जनपद में शनिवार को चली आंधी से यमुनाघाटी क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता रंजन राणा ने बताया कि करीब 44 किलोमीटर लंबी लाइन कहीं क्षतिग्रस्त है। कर्मचारी फाल्ट तलाशने में जुटे हुए हैं।
पढ़ें- फिलीपींस में चक्रवाती तूफान नूल ने दी दस्तक