आधे वेतन से जरूरतमंदों की करूंगा मदद: विधायक धन सिंह नेगी
क्षेत्रीय विधायक धन सिंह नेगी ने एलान किया कि वह अपने वेतन का आधा हिस्सा विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद के लिए देंगे।
By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 24 Mar 2017 10:44 AM (IST)Updated: Sat, 25 Mar 2017 06:30 AM (IST)
नई टिहरी, [जेएनएन]: क्षेत्रीय विधायक धन सिंह नेगी शपथ लेने के बाद गुरुवार को नई टिहरी पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ पहली बैठक में जहां विकास कार्यों को लेकर अपने तेवर दिखाए, वहीं जरूरतमंदों के प्रति नरम रुख अपनाया। उन्होंने एलान किया कि वह अपने वेतन का आधा हिस्सा विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद के लिए देंगे।
गुरुवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए उन्हें शहर में ग्रेविटी पेयजल योजना की डीपीआर बनाने, डाइजर प्वाइंट पर पिकनिट स्पॉट बनाने और नई टिहरी में वन्यजीवों के लिए रेस्क्यू सेंटर बनाने के संबंध में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। वन विभाग के अधिकारियों को शहर में खाली भूमि पर बांज, बुरांश और देवदार के पौधे लगाने के निर्देश दिए।
नेगी ने शहर के प्रवेश द्वार डाइजर में पिकनिक स्पॉट बनाने की बात भी कही। उन्होंने प्राकृतिक पानी का संरक्षण कर वहां पर वाटर फॉल बनाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि टिहरी विधानसभा की तीन प्रमुख पेयजल योजना सारज्यूला, काणाताल और कोश्याल ताल को दो साल में पूरा किया जाएगा, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक नेगी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। बौराड़ी स्टेडियम को नगर पालिका से हटाने के मामले में समीक्षा की जाएगी और दोबारा से स्टेडियम का स्वामित्व नगर पालिका को दिया जाएगा। आधा वेतन जरूरतमंदों की सहायता में लगाने की बात करते हुए नेगी ने कहा कि वह अपने वेतन का आधा हिस्सा निराश्रित विधवाओं की बेटियों के विवाह में मांगटीका देने के लिए खर्च करेंगे। इसके लिए वह खुद ही पात्रों का निर्धारण करेंगे। एक अप्रैल से यह व्यवस्था शुरु कर दी जाएगी।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, बेबी असवाल, घनश्याम नौटियाल, रागिनी भट्ट, विक्रम कठैत, अनीता कंडियाल, अनुसूया नौटियाल, सुधीर बहुगुणा, गोपीराम चमोली, विनोद रतूड़ी, अनुज उनियाल आदि मौजूद थे।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें