कांग्रेस नेता यशपाल की मौत पर शोक की लहर
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: जिला निर्माण सलाहकार समिति के सदस्य और कांग्रेस जिला सचिव यशपाल कंडियाल क
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: जिला निर्माण सलाहकार समिति के सदस्य और कांग्रेस जिला सचिव यशपाल कंडियाल की दुर्घटना में मौत के बाद लंबगांव सहित पूरे जिले में शोक की लहर है। पिछले महीने ही यशपाल कंडियाल के घर पुत्र का जन्म हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
प्रतापनगर ब्लॉक के लंबगांव निवासी यशपाल कंडियाल कांग्रेस के तेजतर्रार नेताओं में शामिल थे। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उन्हें जिला निर्माण सलाहकार समिति में सदस्य नामित किया था। उत्तरकाशी में हुए हादसे में यशपाल कंडियाल की आकस्मिक मौत के बाद लंबगांव क्षेत्र सहित टिहरी में मातम पसर गया। यशपाल कंडियाल की दो बेटियों और पत्नी सोनी देवी सहित अन्य परिजनों का हादसे के बाद से ही रो- रो कर बुरा हाल है। हर कोई परिजनों को सांत्वना देने में लगा है। उनके निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि वह इस समय दिल्ली में हैं, लेकिन उनकी मौत से उन्हें भी गहरा सदमा लगा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने बताया कि यशपाल के निधन से हर कोई सदमे में है। यशपाल एक काबिल नेता होने के साथ- साथ एक नेक इंसान भी थे। उनके जाने से कांग्रेस सगंठन सहित पूरे समाज को क्षति हुई है।