हेलीकाप्टर से उड़ा पंडाल, नेगी दा चोटिल
संवाद सूत्र, देवप्रयाग: मां चंद्रबदनी नवरात्रि उत्सव व विकास मेले का अंतिम दिन हल्की सी कसक छोड़ गया।
संवाद सूत्र, देवप्रयाग: मां चंद्रबदनी नवरात्रि उत्सव व विकास मेले का अंतिम दिन हल्की सी कसक छोड़ गया। लैंडिंग के वक्त मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की हवा से मंच का पंडाल उड़ा और उसकी बल्ली गिरने से कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को हल्की चोट भी आई। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। व्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नेगी कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए। इस दौरान साथी कलाकारों ने भी अपना आक्रोश जताया।
शनिवार को चंद्रबदनी में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी का कार्यक्रम रखा गया था। उन्हें सुनने के लिए वहां करीब सात सौ से आठ सौ लोग वहां पहुंचे हुए थे। दोपहर डेढ़ बजे शुरू हुए कार्यक्रम में नेगी दा ने सुर साधे तो समां बंध गया। तकरीबन ढाई घंटे तक कार्यक्रम निर्बाध चलता रहा। शाम करीब चार बजे तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हरीश रावत मेले में शिरकत करने पहुंचे। जैसे ही उनका हेलीकाप्टर मंच के पास बने हेलीपैड पर उतरने लगा, वैसे ही लैंडिंग के वक्त बने दबाव से हवा का तेज झोंका आया। इससे मंच पर लगा पंडाल उड़ गया और पंडाल की बल्ली कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे नरेंद्र सिंह नेगी पर जा गिरी। बल्ली लगते ही नेगी मंच पर गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। इससे पंडाल में अफरातफरी मच गई। नेगी को तत्काल पंडाल के पीछे बनाए गए स्वास्थ्य शिविर में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद नेगी कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि मेले में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हैं। उनके लौटने से दर्शक में मायूसी छा गई।
दूसरी ओर मेले की व्यवस्थाएं देख रहे कीर्तिनगर के उप जिलाधिकारी दीपेंद्र नेगी ने अव्यवस्थाओं के आरोप को दर किनार करते हुए कहा कि व्यवस्थाएं चाक चौबंद थीं। उन्होंने कहा कि यह एक घटना है। एसडीएम ने कहा कि उन्होंने लोकगायक नेगी से बात की है और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
----------
'लैंडिंग के वक्त पंडाल के ऊपर से उड़ान भरने से बचा जाना चाहिए था। हेलीकाप्टर की हवा के झोंके को पंड़ाल उड़ने से घटना घटी।'
नरेंद्र सिंह नेगी, लोक गायक