बकरे का मांस खाने से 37 ग्रामीण बीमार
संवाद सूत्र, घनसाली: क्षेत्र में बीमारी से मरे बकरे का मांस खाने से 10 बच्चों सहित 37 महिलाएं और पुर
संवाद सूत्र, घनसाली: क्षेत्र में बीमारी से मरे बकरे का मांस खाने से 10 बच्चों सहित 37 महिलाएं और पुरुष बीमार हो गए। सभी को पिलखी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां सभी की हालत खतरे से बाहर है।
बीती शाम देवल गांव में एक ग्रामीण के बकरे की मौत हो गई। होली के उल्लास में रात में देवल और असेना के ग्रामीणों ने बकरे का मांस लिया। कुछ देर बाद ही मांस खाने वाले बच्चों और ग्रामीणों की हालत बिगड़ने लगी। उल्टी और पेट खराब होने के बाद गुरुवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। मरीजों में 10 बच्चे, 16 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया।
पिलखी स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि बकरे की मौत बीमारी से हुई थी। जिसके चलते उसका मांस संक्रमित हो गया था। संक्रमित मांस खाने से ही ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि ग्रामीणों का कहना था कि बकरे की मौत गिरकर हुई है। शाम तक अधिकांश मरीजों की हालत में सुधार आने के बाद उन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया। 12 मरीज अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।