जापान में मोदी से मिलने की इंतजार में पहाड़ के लोग
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जापान दौरा देश के साथ ही भिलंगना ब्लॉक के लिए भी उत्सुकता भरा है। टिहरी के मिनी जापान कहे जाने वाले भिलंगना के जापान में रहने वाले प्रवासी भारतीय नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए उतावले हैं। संभव है कि मंगलवार को मोदी इन लोगों से मिलें।
भिलंगना ब्लॉक के अकेले ग्यारह गांव ंिहंदाव के करीब 1500 सौ लोग जापान में हैं, जबकि चमियाला, हिंदाव, लस्या और नैलचामी को मिलाकर इनकी संख्या कई अधिक है। नरेंद्र मोदी का जापान दौरे से दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने वाला साबित हो रहा है। टोक्यो और दिल्ली के इस रिश्ते के बीच मिनी जापान कहे जाने वाले भिलंगना ब्लॉक के बाशिंदे भी मोदी से मिलने के लिए बेकरार हैं। बूढ़ाकेदार क्षेत्र निवासी अनुराग व्यास जापान की राजधानी टोक्यो में जयहिंद रेस्तरां में मैनेजर हैं। अनुराग व्यास ने जापान से फोन से दैनिक जागरण को बताया कि नरेंद्र मोदी के जापान दौरे से यहां रहने वाले भारतीय उत्साहित हैं। अनुराग ने बताया कि मोदी से मुलाकात के लिए उन्होंने प्रयास किए, लेकिन अभी मुलाकात नहीं हो पाई। संभव है कि मंगलवार को मोदी भारतीय लोगों से मिलेंगे तो मुलाकात होगी। अनुराग के भाई घनसाली निवासी मनीष ने बताया कि मोदी के जापान दौरे को वह भी टीवी पर देख रहे हैं। उम्मीद है कि मोदी वहां पर उनके भाई सहित भारत के लोगों से मिलेंगे। बूढ़ाकेदार निवासी आशीष सेमवाल ने बताया कि उनके भाई विकास सेमवाल जापान के ओकायो शहर में रहते हैं। फोन पर उन्होंने बताया कि वह मोदी से मिलने टोक्यों जाएंगे।
इसलिए कहते हैं मिनी जापान
बूढ़ाकेदार क्षेत्र के ही भिलंगना ब्लॉक की आबादी एक लाख से ज्यादा है। ग्यारगांव हिंदाव क्षेत्र के 15 सौ से ज्यादा लोग जापान में नौकरी करते हैं। इस कारण इस क्षेत्र को मिनी जापान कहा जाता है।