आपदा पीड़ितों ने लिए राहत राशि के चेक
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: बागी गांव में आपदा पीड़ितों को प्रशासन ने राहत राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान प्रशासन ने क्षेत्र में फसल क्षति व अन्य नुकसान का जायजा लिया।
चंबा ब्लॉक के बागी गांव में आपदा पीड़ितों ने बीते रविवार प्रशासन की टीम से राहत राशि के चेक लेने से इंकार कर दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि एक लाख रुपये में वह अपना नया मकान कैसे बनाएंगे। सोमवार को प्रशासन के समझाने के बाद ग्रामीणों ने राहत राशि के एक लाख रुपये के चेक ले लिए। वहीं, प्रशासन की तरफ से विद्यालय भवन में ठहराए ग्रामीणों के लिए पर्याप्त मात्रा में राशन व अन्य सामग्री भेजी। प्रशासन ने आपदा पीड़ितों के लिए टेंट व बर्तन भी भेजे। वहीं, बागी गांव जाने के लिए क्षतिग्रस्त मार्ग को भी सही करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। वहीं, सौंदाणी गांव में फंसे लोगों को भी प्रशासन ने राहत सामग्री दी। गदेरे में पानी कम होने के कारण अब खतरे की बात नहीं है। एसडीएम टिहरी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीणों को राहत राशि के चेक दे दिए गए हैं। अन्य सामान भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराया गया है।
रिपोर्ट बनानी की शुरू
प्रशासन ने बागी गांव व उसके आसपास के क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनानी शुरू कर दी है। आपदा के चलते ग्रामीणों की सैकड़ों हेक्टेयर कृषि भूमि व फसल बर्बाद हो गई। अब रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही ग्रामीणों को मुआवजा दिया जाएगा।