पुण्य तिथि पर दी शहीद कुलदीप को श्रद्धांजलि
संवाद सहयोगी, चम्बा: वीरचक्र विजेता शहीद कुलदीप सिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस मौके पर पांचवी गढ़वाल राइफल के जवानों ने शहीद के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। इसके अलावा क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी शहीद को याद किया।
शुक्रवार को थौलधार प्रखंड के अलेरू में वीरचक्र विजेता शहीद कुलदीप सिंह भंडारी की तेईसवीं पुण्य तिथि के मौके पर सुबह दस बजे पांचवी गढ़वाल राइफल के तीस जवानों ने सीओ सुरेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में उनके स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी। इस मौके पर जवानों ने उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर देश सेवा का संकल्प लिया। इससे पूर्व शहीद के परिजनों व क्षेत्र के लोगों ने भारी संख्या में स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। विदित हो 18 अप्रैल 1990 को श्रीलंका में जब आंतकवादी संगठन लिट्टे ने भारतीय सेना पर हमला किया तो उस समय ग्राम अलेरू निवासी पांचवी गढ़वाल राइफल के जवान कुलदीप सिंह भंडारी ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया उन्होंने अपने सैनिक साथियों की रक्षा करते हुए लिट्टे के कई लोगों को मार गिराया। इस युद्ध में उन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने के लिए मरणोपरांत उन्हें वीरचक्र से सम्मानित किया गया। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह अधिकारी, पृथ्वी सिंह अधिकारी, कुंवर सिंह, शहीद के भाई गंगा भडारी, मंगल सिंह, धन सिंह, अषाढ़ सिंह, होशियार सिंह, त्रेपन सिंह, वीरेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।