असेना में बनेगा वैली ब्रिज
अनुराग उनियाल, नई टिहरी: खनन के चलते भूस्खलन की मार झेल रहे असेनावासियों और भिलंगना ब्लॉक के लिए खुशखबरी है। असेना में अब 42 मीटर लंबा वैली ब्रिज बनाया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं और इसी माह काम शुरू हो जाएगा।
नई टिहरी और भिलंगना ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़क पर असेना गांव भूस्खलन की मार झेल रहा है। यहां पर पत्थर के लिए टीएचडीसी ने खनन कराया था। इसके बाद पूरा क्षेत्र भूस्खलन की जद में आ गया। बरसात में हर बार यहां भूस्खलन के चलते सड़क बंद हो जाती है। बरसात के अलावा भी यहां पर पूरे साल वाहन सही तरीके से नहीं चल पाते हैं। अब आपदा के बाद जिला प्रशासन ने यहां पर वैली ब्रिज बनाने का फैसला किया है। एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से असेना में जिले का पहला वैली ब्रिज बनेगा। इसके लिए लोनिवि ने तैयारी शुरू कर दी है। वैली ब्रिज के पाटर््स कोलकाता की एक कंपनी से मंगाए जा रहे हैं। जल्द ही पाटर््स आने पर काम शुरू हो जाएगा। यह पुल 42 मीटर लंबा और करीब सवा तीन फीट चौड़ा होगा। एक बार में इससे एक ही वाहन गुजर पाएगा।
क्या होगा फायदा
असेना में वैली ब्रिज बनने से टिहरी से घनसाली जाने वाले वाहनों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। चारधाम यात्रा के दौरान भी इस मार्ग पर बेहद ट्रैफिक रहता है। इससे यात्रा में काफी सुविधा होगी।
ताछला में भी है जरूरत
ऋषिकेश - उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताछला में भी वैली ब्रिज की जरूरत है। पिछले साल प्रशासन ने ताछला में वैली ब्रिज बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन उसके बाद ताछला का वैली ब्रिज रुद्रप्रयाग शिफ्ट कर दिया गया। उस वक्त तत्कालीन डीएम नितेश कुमार झा ने बीआरओ को वैली ब्रिज बनाने के लिए निर्देश दिए थे।
असेना में वैली ब्रिज बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी माह काम शुरू कर दिया जाएगा
सीसी जोशी, अधीक्षण अभियंता, लोनिवि , टिहरी गढ़वाल