प्रधानाध्यपिका का वेतन रोकने के आदेश
संवाद सूत्र, देवप्रयाग: विकासखंड देवप्रयाग के जूनियर हाईस्कूल पंचूर की प्रधानाध्यापिका पिछले एक माह से गायब है। नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है व इस वक्त ऐडमीशन हो रहे है, लेकिन प्रधानाध्यापिका एक महीने से विद्यालय नहीं आई। शिक्षिका के गायब होने की जानकारी पर खंड शिक्षा अधिकारी ने उनका वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।
देवप्रयाग विकासखंड के जूनियर हाईस्कूल पंचूर से पिछले महीने प्रधानाचार्य जगदंबा प्रसाद रतूड़ी सेवानिवृत्त हुए। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद विद्यालय का चार्ज शिक्षिका विजयलक्ष्मी के पास आया, लेकिन उसके बाद से ही वह विद्यालय से गायब है। इसकी शिकायत विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भरत चंद्र ने खंड शिक्षा अधिकारी बीएल भार्गव से की। इसके बाद भार्गव ने प्रधानाध्यापिका का वेतन रोकने के आदेश जारी किए। साथ ही विद्यालय में उपस्थित न होने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भरत चंद्र ने कहा कि विद्यालय में व्यवस्था पर एक शिक्षिका की तैनाती की गई, लेकिन प्रधानाध्यापिका के न आने से पढ़ाई तो प्रभावित हो ही रही है। साथ ही अन्य कार्य नहीं हो पा रहे हैं। वह अपनी बेटी का दाखिला दूसरे स्कूल में कराना चाहते हैं, लेकिन प्रधानाध्यापिका के विद्यालय में न आने से टीसी नहीं मिल पा रही है। यदि प्रधानाध्यापिका जल्द विद्यालय नहीं आती तो आंदोलन किया जाएगा।