हत्यारों की गिरफ्तारी को भूख हड़ताल पर परिजन
जागरण प्रतिनिधि, नई टिहरी: प्रतापनगर प्रखंड के भरपूर निवासी थमन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या करार देते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को जिला मुख्यालय में भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
थमन सिंह के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक की पत्नी सुनैना व भाई शूरवीर सिंह कलक्ट्रेट परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गए। उनके साथ ग्रामीण भी धरने पर बैठे। ग्रामीणों ने मांग की है कि थमन सिंह के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। विदित हो कि थमन सिंह 26 मार्च को चिन्यालीसौड़ के अपने घर आ रहा था। इस दौरान वो छाम कंडीसौड़ में रात्रि विश्राम के लिए रुक गया। रात को उसने अपने परिजनों से बातचीत लेकिन उसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। सुबह जब परिजन उसकी तलाश के लिए छाम कंडीसौड़ पहुंचे तो उसका कुछ पता नहीं चला। अगले दिन भी जब परिजन व ग्रामीण उसकी खोजबीन में निकले तो छाम के समीप झील किनारे थमन सिंह का शव मिला। ग्रामीणों ने इसे हत्या करार दिया, और तभी से हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लेकिन जब उनकी मांग पर कोी कार्यवाही नहीं की गई उन्होंने मुख्यालय में भूख हड़ताल शुरू कर दी। उनके साथ धरने पर बैठने वालों प्रमुख रामचंद्र, भाग सिंह, सतपाल सिंह, गोविंद बिष्ट, इन्द्र सिंह आदि लोग शामिल थे। वहीं भाजपा नेता ने भी परिजनों का समर्थन कर इस मामले का शीघ्र खुलासे की मांग की है। समर्थन देने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल, धन सिंह नेगी, अनुसूया नौटियाल आदि शामिल रहे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर