केदारनाथ हेलीपैड से बर्फ हटाकर बनाया गया उड़ान लायक
केदारनाथ हेलीपैड से बर्फ हटाकर उड़ान लायक बना दिया गया है, वहीं पैदल मार्ग के निरीक्षण के लिए एक अप्रैल को प्रशासन की टीम भेजी जा रही है।
By Sunil NegiEdited By: Published: Tue, 28 Mar 2017 12:26 PM (IST)Updated: Thu, 30 Mar 2017 02:20 AM (IST)
रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: चार धाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। केदारनाथ हेलीपैड से बर्फ हटाकर उड़ान लायक बना दिया गया है, वहीं पैदल मार्ग के निरीक्षण के लिए एक अप्रैल को प्रशासन की टीम भेजी जा रही है। सीमा सड़क संगठन ने भी चमोली से हनुमानचट्टी के बीच करीब 100 किलोमीटर लंबे बदरीनाथ हाईवे की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया है।
चारों धाम के कपाट खुलने की तिथियां घोषित होने के बाद से ही प्रशासन तैयारियों में जुट गया था। गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही 28 अप्रैल से यात्रा शुरू हो जाएगी। इसी क्रम में तीन मई को केदारनाथ और छह मई को बदरीनाथ के कपाट खुल जाएंगे।
केदारनाथ यात्रा तैयारियों की जानकारी देते हुए रुद्रप्रयाग की जिलाधिकारी रंजना ने बताया कि हेलीपैड पर जमा चार फीट बर्फ साफ कर दी गई है। हेलीपैड उड़ान के लिए तैयार है। इससे व्यवस्थाओं को सुचारु करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल को प्रशासन की टीम गौरीकुंड जाकर पैदल मार्ग का जायजा लेगी। टीम की रिपोर्ट आने पर पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पैदल मार्ग पर 20 अप्रैल तक आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। डीएम ने बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम को रहने व खाने की व्यवस्था के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके अलावा स्लाइडिंग जोन सिरोबगड़ का भी ट्रीटमेंट किया जा रहा है। डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही पर उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
दूसरी ओर चमोली में सीमा सड़क संगठन के कमांडिंग आफिसर पीके राना ने बताया कि बदरीनाथ यात्रा आरंभ होने से पहले मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इन स्थानों पर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है, जिससे भूस्खलन के वक्त भी यातायात पर ज्यादा प्रभाव न पड़े। आमतौर पर बीआरओ मरम्मत का कार्य कपाट खुलने के आसपास ही आरंभ करता रहा है। इससे यातायात संचालन में समस्या आती थी। इस बार यह कार्य पहले शुरू कर दिया गया।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें