सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: भाजपा सरकार में स्वीकृत विकास कार्यो पर कार्यवाही न होने व आपदा राहत राशि में हुई धांधली के विरोध में भाजपाइयों ने जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और विकास भवन पर धरना दिया।
सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूर्व कैबिनेट मंत्री मातबर सिंह कंडारी व केदारनाथ क्षेत्र की पूर्व विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं नए बस अड्डे से एकत्रित हुए फिर मुख्य बाजार होते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन विकास भवन पहुंचे। वहां दो घंटे का सांकेतिक दिया। धरना स्थल पर संबोधित करते पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र के लिए कई योजनाएं स्वीकृत की गई। इनमें से कई योजनाओं के लिए धन स्वीकृत भी किया गया। वर्तमान सरकार ने पुरानी योजनाओं पर कार्य शुरु नहीं किया है। केदारनाथ क्षेत्र की पूर्व विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि आपदा पीड़ितों को अभी तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है। आपदा में जमकर बंदर बांट हुई है। इससे सही लोगों तक राहत नहीं पहुंच पाई है। जनपद के दोनों विधायक क्षेत्र की अनदेखी करने में लगे हुए है। इसके पश्चात भाजपाईयों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में पूर्व में स्वीकृत हुई विभिन्न योजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, शकुंतला जगवाण, जिला महामंत्री विक्रम कंडारी, पूर्व अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, विक्रम पटवाल, बचन सिंह रावत, भारत भूषण भट्ट, विक्रम कंडारी, वेद प्रकाश सेमवाल, राजेश कुंवर, गजेन्द्र चौधरी समेत भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।