बरसात को देखते हुए केदारनाथ से लौटीं आठ हेली कंपनियां
केदारनाथ के लिए हवाई सेवा दे रही आठ हेली कंपनियों ने बरसात को देखते हुए अपना बोरिया-बिस्तर समेट लिया है। अब पांच हेली कंपनियां ही केदारनाथ के लिए सेवाएं दे रही हैं।
रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: केदारनाथ के लिए हवाई सेवा दे रही आठ हेली कंपनियों ने बरसात को देखते हुए अपना बोरिया-बिस्तर समेट लिया है। अब पांच हेली कंपनियां ही केदारनाथ के लिए सेवाएं दे रही हैं। मानसून आते ही ये कंपनियां भी अपनी सेवाएं बंद कर देंगी। इसके बाद केदारनाथ के लिए सितंबर में ही हेली सेवाएं आरंभ की जाएंगी।
केदारनाथ के लिए इस बार 13 हवाई कंपनियों को केदारघाटी से उड़ान भरने की अनुमति सरकार ने दी थी। मई व जून के मध्य तक तो ढाई हजार से अधिक यात्री रोजाना हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंच रहे थे, लेकिन अब बारिश के चलते यात्रियों की संख्या में खासी कमी आ गई है।
आमतौर पर जून के अंतिम सप्ताह तक ही केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं संचालित होती हैं। इसके बाद बरसात का मौसम होने के कारण धाम के लिए उड़ान संभव नहीं हो पाती। हेली सेवाओं के सहायक नोडल अधिकारी केएस पंवार ने बताया कि बरसात के मद्देनजर यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है, इसलिए आठ हेली कंपनियां लौट गई हैं।
यह भी पढ़ें: मंदिर समिति को बहाल के आदेश बरकरार, विपक्षियों को जवाब पेश करने को कहा
यह भी पढ़ें:आपदा के चार वर्ष बाद लौटने लगी गौरीकुंड में रौनक