केदारपुरी में राम कथा के श्रवण को उमड़े भक्त
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदारपुरी में शनिवार से श्री राम कथा शुरू हुई। कथा प्रारंभ करते हुए राम क
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदारपुरी में शनिवार से श्री राम कथा शुरू हुई। कथा प्रारंभ करते हुए राम कथा ममर्ज्ञ संत मुरारी बापू ने कहा कि श्रीराम को पुरुषोत्तम कहा गया है, क्योंकि वह सृष्टि के सभी पुरुषों में सर्वश्रेष्ठ हैं। उन्होंने विपरीत से विपरीत परिस्थिति में सच का दामन नहीं छोड़ा। कहा कि कलयुग में सच्चे हृदय से राम नाम का उच्चारण करने भर से सभी संताप कट जाते हैं। इसीलिए गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं, 'कलियुग केवल नाम अधारा, सुमिरि-सुमिरि नर उतर¨ह पारा।' केदारनाथ रामकथा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीराम कथा का श्रवण करने चार हजार से अधिक भक्त धाम केदारधाम में जुटे हैं।
केदारपुरी में बने भव्य पांडाल में दोपहर बाद 3.30 बजे संत मुरारी बापू ने कथा का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पधारे भक्तों के जयघोष से पूरी केदारपुरी गुंजायमान हो उठी। बापू ने शिव की नगरी में श्रीराम कथा का श्रवण करने आने वाले भक्तों का आयोजन समिति की ओर से अभिनंदन किया। समिति की ओर से सभी भक्तों के लिए धाम में रहने-खाने की व्यवस्था की गई है। कथा पांडाल में भी भक्तों के रहने की व्यवस्था है। कथा श्रवण करने हेली सेवाओं के साथ ही पैदल मार्ग से भी बड़ी संख्या में भक्त केदारनाथ पहुंच रहे हैं। कथा 28 मई को पूर्णाहुति के साथ विराम लेगी।