पुलिसकर्मी ने की बदसलूकी, महिलाएं भड़की, लगाया जाम
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पौड़ी जिले से कोटेश्वर भगवान के दर्शनों को आई महिलाओं ने पुलिस के जवान पर
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पौड़ी जिले से कोटेश्वर भगवान के दर्शनों को आई महिलाओं ने पुलिस के जवान पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए पोखरी मार्ग पर बेलणी में जाम लगा दिया। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम खोला।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे कोटेश्वर के दर्शनों को जा रही पौड़ी जनपद की महिलाएं जब बेलणी पहुंचे तो वहां पर उनकी गाड़ी रुक गई। इसी दौरान वहीं पर पुलिस के एक जवान ने गाड़ी की चाबी निकाल दी। जब गाड़ी में बैठी महिलाओं ने कारण पूछा तो आरोप है कि पुलिस के जवान ने महिलाओं के साथ अभद्रता की। इसके बाद पुलिस का जवान गाड़ी की चाबी लेकर वहां से चल पड़ा। इससे आक्रोशित सवारियों ने बेलणी में सड़क पर जाम लगा दिया। सोमवार होने से आज कोटेश्वर दर्शनों को जाने वालों की भारी भीड़ थी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान महिलाओं के समर्थन में स्थानीय लोग भी कूद गए। लोगों का कहना है कि पुलिस की दबंगई चल रही है, जिससे कोटेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान प्रभारी कोतवाल संदीप थपलियाल भी मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाया, लेकिन बात नहीं बनी। सवारियां व स्थानीय लोग आरोपी जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को समझाया लेकिन वे नहीं माने। मामला तूल पकड़ते देख एसओ ने पुलिस कर्मी पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिस पर करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया। इसी बीच वहां पुलिस उपाधीक्षक भी पहुंच गए थे। प्रदर्शनकारियों में शकुंतला देवी, यशोदा देवी, शांति देवी, सरोजनी देवी के अलावा राज्य चाय बोर्ड उपाध्यक्ष देवेन्द्र झिंक्वाण, सभासद संतोष रावत, सुमंत तिवारी, सुरेंद्र रावत आदि शामिल थे।