नगर पालिका नहीं उठा रही कचरा
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: नगर पालिका को शायद सफाई पसंद नहीं है। यही कारण है कि अब भी नगर के अधिकतर
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: नगर पालिका को शायद सफाई पसंद नहीं है। यही कारण है कि अब भी नगर के अधिकतर हिस्सों में कूड़े का ढ़ेर लगा है। जिन्हें उठाने तक की जहमत नगर पालिका नहीं कर रही। ऐसे में सफाई को लेकर पालिका के जिम्मेदार लोगों की मंशा पर सवाल उठने लाजिमी हैं।
रुद्रप्रयाग नगर पालिका क्षेत्र में भी सफाई अभियान को लेकर लोगों ने काफी जोश दिखाया। स्वयंसेवी संगठनों के साथ ही स्कूली बच्चों ने भी जनजागरुकता फैलाने के लिए पूरे इलाके में सफाई अभियान चलाया। राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अभियान के बावजूद हैरत की बात है कि शहर की नगर पालिका सफाई को लेकर अब भी गंभीर नजर नहीं आ रही। पुनाड़ गदेरा व नदियों के किनारे भी भारी तादात में प्लास्टिक के कूड़ा उडे़ला जा रहा है। इसके अलावा मुख्य बाजार सहित अन्य स्थानों पर भी कूड़े के ढ़ेर लगे हैं।
अधिकतर जगहों पर कूड़ेदान हैं ही नहीं, जहां पर कूड़ेदान लगाए गए है वहां पर भी नगर पालिका कूड़ा नहीं उठा रही। यही हाल अन्य स्थानों पर जमा कूड़े का भी है जहां से नगर पालिका कूड़ा उठाने को तैयार नहीं। इन सबके कारण छवि नगर की धूमिल हो रही है।
सफाई अभियान के प्रति लोगों को और अधिक जागरूक किया जाना चाहिए। कूड़ा खुले में न फेंका जाए। नगर पालिका भी सफाई के प्रति गंभीर हो।
अशोक चौधरी, स्थानीय निवासी
स्वच्छता अभियान एक अच्छी पहल है। अभी कूड़े की समस्या पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है। इसे और व्यापक बनाने के लिए सभी को जागरूक होना होगा।'
प्रकाश पंवार, स्थानीय निवासी।