लोक अदालत में 26 वाद निस्तारित
रुद्रप्रयाग : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित मासिक लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के कुल 26 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें 21100 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूले गए।
जिला न्यायालय में आयोजित मासिक लोक अदालत जनपद न्यायाधीश आशीष नैथानी की अध्यक्षता में हुई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश चंद्र आर्य के न्यायालय में विभिन्न प्रकार के लघु फौजदारी के पांच वादों का स्वेच्छा जुर्म स्वीकारोक्ति के आधार पर निस्तारण किया गया। इसमें 15800 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूलकर कोषागार में जमा किया गया। सिविल जज (सीडी) संगीता आर्य की अदालत में विभिन्न प्रकार के लघु फौजदारी के सात वादों का जुर्म स्वीकारोक्ति के आधार पर व एक दीवानी वाद का निस्तारण किया गया। इसमें कुल 5300 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूले गए। उप जिलाधिकारी जखोली के न्यायालय में नौ व उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग में चार लघु फौजदारी के वादों का जुर्म स्वीकारोक्ति के आधार पर निस्तारण किया गया।