गंगानगर में बनेगा वृद्धावस्था आश्रम और अनाथालय
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: अगस्त्यमुनि के गंगानगर स्थित 12 नाली भूमि पर शीघ्र अनाथालय और वृद्धावस्था आश्रम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए बुधवार को भूमि पूजन किया गया।
वात्सल्य सेवा केंद्र गुप्तकाशी तथा राष्ट्र निर्माण एवं समाज विकास कल्याण योजना 2020 के संयुक्त तत्वाधान में जिले के अनाथ बच्चों व वृद्धजनों के लिए गंगानगर में आश्रम का निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस पुनीत कार्य के लिए क्षेत्र के मुकेश थपलियाल व उमा जोशी ने अपनी 12 नाली भूमि दान दी है। उन्हीं की उपस्थिति भूमि पूजन की प्रक्रिया भी पूर्ण की गई है। यह सब बाबा उदय नाथ के प्रयासों से हुआ है। आपदा एवं भूकंप को देखते हुए भवन प्रीफेब्रिकेट हट बनाए जाएंगे। इसके अलावा यहां जिले के बेरोजगारों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र भी खोला जाएगा। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर वह स्वरोजगार को अपना सकें। समय के साथ ही यहां बेरोजगारों को अन्य प्रशिक्षण मुहैया करने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। उक्त निर्माण में आर्थिक सहयोग वात्सल्य सेवा केन्द्र गुप्तकाशी एवं परम शक्तिपीठ वहन करेगा। बाबा उदय नाथ ने बताया कि आगामी 15 अप्रैल से क्षेत्र में भवनों का निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा। इसके बाद आनाथालय का निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। भूमि पूजन के अवसर पर परम शक्तिपीठ की साध्वी विचित्र रचना, उमा जोशी, मुकेश थपलियाल, विनोद सेमवाल समेत कई क्षेत्रीय ग्रामीण एवं वात्सल्य सेवा केन्द्र के कर्मचारी उपस्थित थे।