नए यात्रा मार्ग से व्यापारी भी भड़के
पिथौरागढ़ : कैलास मानसरोवर के लिए सिक्किम होते हुए नया मार्ग खोलने से जिले के व्यापारी भी भड़क गए हैं। उद्योग व्यापार मंडल ने इसके लिए ग्रिफ की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराया है।
उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन जोशी ने कहा है कि तिब्बत सीमा तक सड़क नहीं बनने के कारण यात्रियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी के चलते सरकार ने नाथूला दर्रे से भी यात्रा शुरू कराने का निर्णय लिया है। भविष्य में अधिकांश यात्री नाथूला दर्रे से ही यात्रा करेंगे, क्योंकि वहां सुविधाएं बेहतर हैं। उन्होंने अविलंब लिपूलेख दर्रे तक सड़क निर्माण की मांग उठाई है।
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता भुवन पांडेय ने कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बदले जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उत्तराखंड की पहचान होने के साथ ही साथ हजारों लोगों के लिए रोजगार का माध्यम भी है। भाजपा के पांचों सांसदों को पुरजोर ढंग से इस फैसले का विरोध करना चाहिए।