गंगोलीहाट के उपशिक्षाधिकारी योगेश महरा उपजिलाधिकारी बने
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट : विकासखंड गंगोलीहाट में कार्यरत उप शिक्षा अधिकारी योगेश महरा ने पीसीएस परीक्
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट : विकासखंड गंगोलीहाट में कार्यरत उप शिक्षा अधिकारी योगेश महरा ने पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश में 8वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन उपजिलाधिकारी पद पर हुआ है।
मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत तहसील अतंर्गत जनौली निवासी योगेश महरा ने अपनी सेवा की शुरुआत नायब तहसीलदार के रूप में की। वह एक वर्ष तक आपदा प्रभावित रुद्रप्रयाग में प्रभारी तहसीलदार के पद पर रहे। तहसीलदार पद पर रहने के बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखी। राज्य लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की और उनका चयन वर्ष 2014 में उप शिक्षा अधिकारी पद पर हुआ। दो वर्ष से अधिक समय से इस पद पर सेवा करने के बाद उन्होंने फिर से राज्य लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की और इस बार उनका चयन उपजिलाधिकारी पर हुआ है। सरकारी सेवा में आने से पूर्व महरा ने देहरादून के एक कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन किया। उनके पढ़ाए हुए कई छात्र-छात्राएं लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके हैं। राजनीति शास्त्र से परास्नातक और राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण महरा राजनीति शास्त्र के प्रखर ज्ञाता हैं। अपने विषय में गहरी पकड़ होने के साथ वे एक कुशल वक्ता भी हैं। एक शिक्षा अधिकारी के रूप में उन्होंने विकासखंड गंगोलीहाट की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी। महरा न केवल विभाग में, बल्कि समाज में भी एक लोकप्रिय, ईमानदार व कर्मठ अधिकारी के रू प में जाने जाते हैं। उनकी इस सफलता पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा जगत, अतिथि शिक्षकों समेत क्षेत्र की समस्त जनता ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।