कपड़ा राज्य मंत्री ने विद्युत परियोजनाओं का हाल जाना
संवाद सूत्र, धारचूला: केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना के मुख्याल
संवाद सूत्र, धारचूला: केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना के मुख्यालय तपोवन पहुंचकर विद्युत उत्पादन की जानकारी ली । इस दौरान शारदा वैली बेसिन परियोजना में स्वीकृत एवं प्रस्तावित परियोजनाओं के बारे में महाप्रबंधकों के साथ विचार विमर्श किया।
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने धौलीगंगा जल विद्युत परियोजना के महाप्रबंधक आरके जायसवाल और शारदा वैली बेसिन परियोजना के महाप्रबंधक दिनेश त्रिपाठी के साथ बैठक कर स्वीकृत और प्रस्तावित पांच परियोजनाओं के संबंध में चर्चा की। इस मौके पर एनएचपीसी के अधिकारियों ने उन्हें धौलीगंगा 240 मेगावाट, चुंगरचल 220 मेगावाट, गर्बा तवाघाट 630 मेगावाट, गोरीगंगा फेज तीन 150 मेगावाट और किरमोली लुम्ती 55 मेगावाट परियोजनाओं की जानकारी दी। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए मंत्री से सहयोग मांगा गया।
अधिकारियों ने बताया कि इसमें दो परियोजनाओं के लिए भूगर्भीय सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। शेष तीन परियोजनाओं के लिए भौतिक तकनीकी कार्य के विस्तारीकरण के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री द्वारा इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सहयोग का आश्वासन दिया गया है। इस मौके पर दोनों महाप्रबंधकों द्वारा क्षेत्र में हाइड्रो प्रोजेक्टों की संभावना पर विस्तार से मंत्री को अवगत कराया गया।
इससे पूर्व धारचूला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर विभिन्न संगठनों और जनता ने अपनी समस्याएं बताई। इस मौके पर मंत्री से भारत नेपाल और चीन सीमा पर संचार सेवा के विस्तार की मांग की गई। टम्टा ने बताया कि क्षेत्र में संचार सेवा के विस्तार के लिए कार्य किया जा रहा है।