कृषि और उद्यान पर रहेगा फोकस
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: नए जिलाधिकारी डॉ. रंजीत सिन्हा ने कहा है कि जिले में उद्यान और कृषि पर फ
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: नए जिलाधिकारी डॉ. रंजीत सिन्हा ने कहा है कि जिले में उद्यान और कृषि पर फोकस रहेगा। शिक्षा, सड़क, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। विशेषकर शिक्षा में सुधार लाने के प्रयास किए जाएंगे।
गुरुवार को जिले का कार्यभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री सिन्हा ने कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों के साथ वार्ता की। इस मौके पर अपनी प्राथमिकता पर्वतीय जनपद में उद्यान और व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले के गांवों से होने वाले पलायन का मुख्य कारण सर्वे के अनुसार शिक्षा और स्वास्थ्य बताया गया है। सड़क, बिजली , पानी और संचार जैसी सुविधाओं में सुधार लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और विभाग को सही आंकड़े प्रस्तुत करने के निर्देश दे दिए हैं। जनता को समय से सुगमता के साथ सेवाएं मिलें इस पर विशेष ध्यान दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि जिले में विकास कार्य तेजी के साथ हों, जिले की प्रमुख पहचान किस चीज को लेकर है इसका पूरा अध्ययन किया जाएगा। पहाड़ में मिट्टी की उर्वरकता कम हो रही है। इसका सर्वे करा कर उद्यानीकरण को बढ़ावा दिए जाने के प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि इस समय जंगली जानवरों के आतंक से भी ग्रामीण जीवन प्रभावित है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर मॉडल गांव बना कर वन विभाग व मनरेगा के तहत परियोजना चलाई जाएगी।