जापान जाएगा हमारा कपिल
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : सीमांत जिले पिथौरागढ़ के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। जिले के
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : सीमांत जिले पिथौरागढ़ के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। जिले के बाल वैज्ञानिक कपिल चंद को भारत सरकार ने एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जापान भेजने के लिए चयनित किया है। उत्तराखंड से चुना जाने वाला कपिल एक मात्र बाल वैज्ञानिक है।
राइंका कमलेश्वर में 12वीं के छात्र कपिल का चयन इस वर्ष संपन्न हुई राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में उनके उत्कर्ष विज्ञान मॉडल के आधार पर हुआ है। कपिल ने उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन विषय पर अपना मॉडल प्रस्तुत किया। जापान जाने के लिए देश भर से 27 बाल वैज्ञानिकों का चयन हुआ है। कपिल के मार्गदर्शक शिक्षक दिनेश चंद्र भट्ट ने बताया कि 9 मई से 16 मई तक आयोजित होने वाले सकूरा एक्सचेंज प्रोग्राम ऑफ जापान कार्यक्रम में बाल वैज्ञानिकों को जापान के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अनुसंधानों एवं जापान की अद्यतन तकनीक को निकट से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि कपिल को जापान भेजने की समस्त औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कपिल की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य आरएस होतियाल सहित जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया, जिला विज्ञान समन्वयक विकास पंत ने कपिल को शुभकामनाएं दीं। छात्र कपिल के पिता कल्याण चंद बडारी में दुकान चलाते हैं।
=========
सकूरा एक्सचेंज प्रोग्राम ऑफ जापान
जापान और एशिया के देशों का वैज्ञानिक खोजों को बढ़ावा देने के लिए चलाया जाने वाला साझा कार्यक्रम है सकूरा एक्सचेंज प्रोग्राम। इस कार्यक्रम के लिए चीन, भारत, कोरिया, सिंगापुर, फिलीपींस, वियतनाम, ताइवान समेत एशिया के कुल 15 देशों के युवा वैज्ञानिकों एवं प्रतिभाशाली छात्रों को चुना जाता है। राइंका कमलेश्वर के शिक्षक दिनेश चंद्र भट्ट ने बताया कि इस वर्ष के कार्यक्रम की थीम ट्रांसफारमेशन टूवर्ड सस्टेनेबिलिटि: वोइसेज आफ अर्ली कॅरियर एशियन स्कॉलर्स रखा गया है।