पूर्व ब्लॉक प्रमुख की हत्या कर शव खड्ड में फेंका
संदिग्ध परिस्थितियों में जयहरीखाल प्रखंड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख का शव खड्ड में पड़ा मिला। घटनास्थल से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर उनकी कार भी खड्ड में मिली। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद इसे दुर्घटना का रूप दिया गया।
सतपुली (पौड़ी)। संदिग्ध परिस्थितियों में जयहरीखाल प्रखंड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख का शव खड्ड में पड़ा मिला। घटनास्थल से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर उनकी कार भी खड्ड में मिली। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद इसे दुर्घटना का रूप दिया गया।
जयहरीखाल के अंर्तगत बबीना गांव निवासी अरुण खंतवाल (42 वर्ष) ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके बच्चे सतपुली में रहते हैं। वर्तमान में इन दिनों वह दुधारखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर सडक निर्माण करवा रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात करीब नौ बजे वह अपने पैतृक गांव बबीना पहुंचे और उन्होंने वहां से अपनी पत्नी को सतपुली में फोन कर बताया कि वह सतपुली लौट रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।
देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजन भी परेशान रहे। शनिवार सुबह सतपुली-कांडाखाल मोटर मार्ग पर ग्राम हंडोल की कुछ महिलाओँ ने सड़क किनारे खड्ड में एक बोलेरो कार पड़ी देखी। सूचना पर ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंचे और उन्होंने आसपास की तलाशी ली। कार से करीब तीन सौ मीटर की दूरी में अरुण का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र की स्थिति यही बयां कर रही है कि यह हादसा नहीं है, बल्कि हत्या है। दुर्घटनास्थल से करीब दो किमी. पहले सडक पर काफी खून भी पड़ा मिला। साथ ही अरुण की कार की स्टेपनी का कबर भी खून के समीप पड़ा मिला। माना जा रहा है कि उसकी हत्या कर इसे दुर्घटना का रूप दिया गया है।
कुछ समय पूर्व अरुण के खिलाफ एक व्यक्ति ने जानलेवा हमले के प्रयास का भी मामला दर्ज कराया था।
पढ़ें- झील में मिला टूरिस्ट गाइड का शव