मुख्यधारा से कटे दर्जनों गांव
संवाद सहयोगी, पौड़ी : खिर्सू आदिबद्री मोटर मार्ग चार दिनों से बाधित है। इससे क्षेत्र के दर्जनों गाव मुख्यधारा से कट गए हैं। मार्ग पर जल्द आवाजाही सुचारु नहीं हुई तो क्षेत्र में खाद्यान्न संकट भी गहरा जाएगा।
मुख्यालय से दूरस्थ डबरूखाल क्षेत्र के दर्जनों गांवों की सिर्फ एक लाइफ लाइन है खिर्सू आदिबद्री मोटर मार्ग। इसी मार्ग से यहां की सारी गतिविधियां संचालित होती हैं, लेकिन बीते चार दिनों से डबरूखाल मोल्खाखाल के बीच सड़क पर मलबा आने से क्षेत्र के गांव मुख्यधारा से कट गए हैं। अब ग्रामीणों को खाद्यान्न जरूरी चीजों के लिए भी 12 किमी दूर खिर्सू या पैठाणी आना पड़ रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीण जसपाल सिंह ने बताया कि पूर्व में भी सड़क पर मलबा आया था, जिसे ग्रामीणों ने स्वयं ही साफ कर मार्ग दुरुस्त किया था। लेकिन इस बार तो कई जगहों पर अधिक मलबा व बोल्डर आए हैं। इन्हें बगैर बुल्डोजर के हटाना संभव नहीं है। आपदा प्रबंधन व प्रशासन से शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पौड़ी व रुद्रप्रयाग जिले के सीमावर्ती प्रभावित गांव
बणसौं, झुंडोली, नगरकोट, बणगांव तल्ला, बणगांव मल्ला, धारकोट, तिलखणीखाल, भराड़सैंण, नौला, भैंसवाड़ा, स्योली, टीला, डोबरी, नौटी
क्षेत्र के गांवों में आवाजाही का कोई दूसरा विकल्प न होने के कारण लोग खासी परेशानी में हैं। छोटे स्लिप तो ग्रामीण स्वयं ही हटा रहे हैं, लेकिन अब स्थितियां वश से बाहर हैं। सड़क की अहमियत को देखते हुए लोनिवि को इसके प्रति गंभीर रहना होगा।
रविंद्र सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता, सीमांत क्षेत्र
सभी प्रभावित क्षेत्रों में कर्मचारियों को अलर्ट किया गया है। खिर्सू आदिबद्री सड़क पर स्थितियां क्यों खराब हैं इसे दिखाया जा रहा है। प्रभावितों की समस्या के समाधान को त्वरित प्रयास किए जाएंगे।
एससी पुरोहित, मुख्य अभियंता, लोनिवि पौड़ी