कृषि में झलका पलायन का दर्द
जागरण संवाददाता, पौड़ी: मंडल मुख्यालय पौड़ी में मंगलवार से शुरु हुए कृषि महोत्सव में पहाड़ों में साल द
जागरण संवाददाता, पौड़ी: मंडल मुख्यालय पौड़ी में मंगलवार से शुरु हुए कृषि महोत्सव में पहाड़ों में साल दर साल घटती खेतीबाड़ी पर चिंता जताते हुए इसे पलायन का एक बड़ा कारण बताया गया। विषय विशेषज्ञों का कहना था कि उन्नत खेतीबाड़ी और फसल उत्पादन के माध्यम से ही इस समस्या से निजात पाया जा सकता है। यह सब कुछ तब संभव होगा जब किसान ही नहीं आमजन भी इसमें अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
अपर कृषि निदेशक कार्यालय में कृषि विभाग के तत्वावधान में आयोजित कृषि महोत्सव में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। इसमें कृषि विशेषज्ञों ने पहाड़ों में लगातार कम हो रही खेतीबाड़ी पर चिंता जताई। उनका कहना था कि इसका सीधा असर यहां पलायन जैसे खतरे के रुप में दिख रहा है। महोत्सव में किसानों का दर्द ठभी साफ झलका।
अपने संबोधन में मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा ने जनपद की कृषि पैदावार से किसानों को रुबरु कराया। कहा कि कृषि को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा अनेक विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आवश्यकता इस बात की है कि किसानों को तय समय पर इसका लाभ उठाना चाहिए। बताया कि जनपद में बहुत कम मात्रा में कृषि कार्य होना चिंताजनक है। उन्होंने दाल, सब्जी, गेहूं और धान उत्पादन की विभिन्न विधाओं के अलावा किसानों को उन्नत बीज योजना पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी जानकारी दी। प्रगतिशील किसान मंगत राम धस्माना ने बेहतर कृषि व उत्पादन बढ़ाने के बारे में किसानों को जानकारी दी। इस मौके पर सीडीओ सोनिका, क्षेत्र प्रमुख संतोषी रावत, ज्येष्ठ प्रमुख हरदयाल सिंह, दिनेश चमोली, नरेंद्र कुमार, इंद्रपाल सिंह कुशवाह सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने भाग लिया।
कृषि रथ हुआ रवाना:
पौड़ी में आयोजित कृषि महोत्सव के दौरान कृषि रथ को जनपद के विभिन्न विकासखंडों को रवाना किया गया। अभियान में जनपद के पंद्रह विकासखंडों के 118 न्याय पंचायतों के लिए 12 कृषि रथों को रवाना किया गया। ये रथ किसानों को ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कृषि कार्य और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करेंगे।
----------