सदस्यों ने बीडीसी में उठायी जनसमस्याएं
संवाद सहयोगी, पौड़ी: विकास खंड पोखड़ा की बैठक में मूलभूत समस्याएं छाई रही। सदस्यों ने सहायक खाद्य निरी
संवाद सहयोगी, पौड़ी: विकास खंड पोखड़ा की बैठक में मूलभूत समस्याएं छाई रही। सदस्यों ने सहायक खाद्य निरीक्षक के क्षेत्र में न रहने पर कड़ा आक्रोश जताया। वहीं सीडीओ ने मनरेगा के कार्यो में तेजी लाने अधिकारियों को निर्देश दिये।
शुक्रवार को विकास खंड सभागार में बीडीसी बैठक में ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सदस्यों की ओर से उठायी जा रही जन समस्याओं पर अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को जन समस्याओं के समाधान में तत्परता न दिखाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि मनरेगा में पोखड़ा ब्लॉक का कार्य संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को मनरेगा के निर्माण कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए। मसमोली के प्रधान सुनील भट्ट ने द्योराड़ी-मसमोली-सकनोली पांड मोटर मार्ग निर्माण का मुआवजा न देने पर नाराजगी जताई। क्षेत्र पंचायत भगवती प्रसाद ने कहा कि स्वजल योजना के तहत निर्मित पेयजल योजना में जलापूर्ति नहीं की जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्वाड़ी पेयजल योजना हैंडओवर नहीं हो पाई है। प्रधान बगड़ी महाबीर सिंह ने बिजली के पोलो की खस्ताहालत पर चिंता जताई। जितेंद्र बिष्ट ने हैंडपंपों से आ रहे गंदे पानी की समस्या का समाधान किए जाने की मांग की। सदस्यों ने सहायक खाद्य निरीक्षक के क्षेत्र में न रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निरीक्षक की अनुपस्थिति से क्षेत्र में राशन वितरण नहीं हो रहा है। वहीं गोदामों में पड़ा राशन सड़ रहा है। बैठक का संचालन बीडीओ बीडी नथवान ने किया। इस अवसर पर ज्येष्ठ उपप्रमुख हरि सिंह रावत, कनिष्ठ उपप्रमुख राजेंद्र सिंह रावत, एसडीएम कमलेश मेहता, सांसद प्रतिनिधि पुष्कर जोशी सुभाष ध्यानी, डीएस राणा, सुरेंद्र नाथ, गंगा सिंह रावत, विनोद बिष्ट, रेखा सुंदरियाल, मंजू देवी आदि मौजूद थे।