बस पलटने से तीन महिला समेत 16 घायल
संवाद सहयोगी, पौड़ी: विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन को पास देते समय एक बस के पलट जाने से तीन महिलाओं सम
संवाद सहयोगी, पौड़ी: विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन को पास देते समय एक बस के पलट जाने से तीन महिलाओं समेत 16 लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यूजर्स बस संख्या यूए 12 टीए-0065 तड़के पौड़ी से रामनगर के लिए रवाना हुई। बुआखाल रामनगर मोटर मार्ग पर करीब साढ़े छह बजे पाबौ से आगे सिमखेत के निकट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विपरीत दिशा से एक मैक्स वाहन आ रहा था। मैक्स को पास देने के फेर में बस चालक नियंत्रण खो बैठा। बस में 20 से अधिक लोग सवार थे। बस पलटने से तीन महिलाओं समेत कुल 16 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ लाया गया। घायलों में नंदन सिंह, ग्राम ग्वाल, सुरेंद्रसिंह, उर्मिला निवासी गंगानगर, उसमान, इरफान, अकरम निवासी नजीबाबाद, मुकेश निवासी बुरांसी, वीरेंद्र निवासी चोपड़ियूं, सीता देवी निवासी कमडई, अजीत सिंह चोरखिंडा, विजय भंडारी मेलधार, आशीष निवासी ग्वीन, धर्मेद्र निवासी कसाणा, मदन लाल निवासी मुसेटी और शीतल निवासी गुठिंडा शामिल हैं। उप जिलाधिकारी पीएल शाह ने बताया कि गनीमत रही कि दुर्घटना में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। घायलों में सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।