अरुण हत्याकांड में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
संवाद सूत्र, सतपुली: प्रखंड जयहरीखाल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुण खंतवाल की संदेहजनक परिस्थितियों में
संवाद सूत्र, सतपुली: प्रखंड जयहरीखाल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरुण खंतवाल की संदेहजनक परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। रविवार को राजस्व व रेगुलर पुलिस ने एक बार फिर घटनास्थल का मुआयना कर घटना से संबंधित जरूरी सुराग एकत्र किए।
गौरतलब है कि जयहरीखाल ब्लाक के पूर्व प्रमुख अरुण खंतवाल का शव शनिवार सुबह सतपुली-कांडाखाल मार्ग पर हंडुल की सरहद पर खाई में बरामद किया था। शव से करीब तीन सौ मीटर नीचे उनका बोलेरो वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। शुरुआत में मामला दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल से आठ किमी पहले दुधारखाल मार्ग पर दंगलेश्वर के समीप सड़क पर पड़ा खून व मौके पर मिले अरुण के गले के ताबीज ने मामला को हत्या की ओर मोड़ दिया। मृतक अरुण के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
..तो उप्र के थे 'किलर'
पूर्व प्रमुख अरुण खंतवाल की हत्या के लिए उत्तर प्रदेश से सुपारी किलर लाए जाने की चर्चा है। सूत्र के अनुसार घटना से तीन-चार दिन पूर्व सतपुली में बाहरी नंबर वाली काले रंग की कार लगातार नजर आ रही थी, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक भी सवार थे। चर्चा है कि इन युवकों ने सतपुली स्थित एक होटल में ठिकाना बनाया हुआ था। उनके साथ कुछ स्थानीय लोग भी घूमते नजर आ रहे थे। घटना से एक रोज पहले शुक्रवार शाम तक यह युवकों लगातार सतपुली-दुधारखाल मोटर मार्ग पर चक्कर काट रहे थे। ऐसे में इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि अज्ञात ने इन युवकों के जरिये अरुण की हत्या करवा दी हो। अरुण खंतवाल का क्षेत्र में कई लोगों से विवाद चल रहा था। उस पर मारपीट छेड़छाड़ सहित कई मुकदमे भी चल रहे हैं। अरुण ने परिजनों के सामने भी कई बार उसकी हत्या कराए जाने की आशंका जताई थी।