भालू के हमले में महिला घायल
सतपुली : प्रखंड दुगड्डा के अंतर्गत ग्राम बुरांसी में चारापत्ती के लिए गई एक महिला भालू के हमले में ब
सतपुली : प्रखंड दुगड्डा के अंतर्गत ग्राम बुरांसी में चारापत्ती के लिए गई एक महिला भालू के हमले में बुरी तरह घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत ग्राम ग्वाड़ निवासी अनीता देवी पत्नी महेश इन दिनों प्रखंड द्वारीखाल के अंतर्गत ग्राम बुरांसी स्थित अपने मायके में आई हुई थी। बुधवार सुबह अनीता अन्य महिलाओं के साथ चारा पत्ती के लिए जंगल गई हुई थी। पेड़ से चारा-पत्ती काटने के दौरान अचानक एक भालू पेड़ पर चढ़ गया व उसने अनीता पर हमला कर दिया। भालू के हमले से घायल अनीता पेड़ से नीचे गिर पड़ी। अनीता का शोर सुन आसपास मौजूद अन्य महिलाओं ने पत्थर फेंक भालू को भगाया व घायल किसी तरह घायल अनीता को लेकर घर पहुंची।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही जूनियर हाईस्कूल भल्ली में कार्यरत अनीता के भाई द्वारिका प्रसाद ने गांव में पिनस (पालकी) भिजवाई व घायल अनीता को पालकी में रख करीब पांच किमी. का पैदल सफर तय कर मुख्य सड़क तक लाया गया। जहां से '108' आकस्मिक वाहन से उसे उपचार के लिए कोटद्वार ले जाया गया है।