जंगल में अमंगल, जाम से टकराते हैं जाम
संवाद सूत्र, दुगड्डा: जंगल के रखवाले अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़े हुए हैं। वन क्षेत्र मे
संवाद सूत्र, दुगड्डा: जंगल के रखवाले अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़े हुए हैं। वन क्षेत्र में खुलेआम पार्टियां हो रही हैं। जाम टकराए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी परवाह ही नहीं। पुलिस ने भी नदी की ओर जाने वाले मार्गो पर सुरक्षा के नाम पर बोर्ड लगाकर अपने कर्त्तव्य की इतिश्री कर ली है।
लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज से गुजर रही खोह नदी में देर शाम तक चलने वाली पार्टियों से जहां एक ओर आरक्षित वन क्षेत्र में वन अपराधों की संभावनाएं बढ़ गई हैं, वहीं देर रात तक पार्टियां मनाने वाले शराब के नशे में धुत युवाओं के साथ अनहोनी भी हो सकती है। विभागीय अधिकारी भी इस बात को स्वीकारते हैं।
दरअसल, यह आरक्षित वन क्षेत्र वन्यजीवों के मामले में काफी धनी है। हाथियों के झुंड नदी के आसपास मंडराने लगे हैं। वह कभी भी बड़े हादसे का कारण हो सकते हैं। दुगड्डा पुलिस चौकी की ओर से सड़क किनारे नदी की ओर जाने वाले मार्गो पर चेतावनी बोर्ड तो लगाए गए हैं, लेकिन कार्रवाई शायद ही कभी हुई हो। दुगड्डा चौकी प्रभारी युनूस खान ने बताया कि समय-समय पर चैकिंग अभियान चलाया जाता है। उस दौरान नदियों में पार्टियां कर रहे लोगों को हटाया भी जाता है। कई मर्तबा चालान भी किए जाते हैं। प्रभागीय वनाधिकारी, नितीश मणि त्रिपाठी का कहना है कि विभागीय कर्मियों को आरक्षित वन क्षेत्रों में पार्टियां करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के लिए आदेशित किया गया है। वन क्षेत्र के भीतर किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।