शिक्षकों को अब नहीं काटने होंगे अधिकारियों के चक्कर
जागरण संवाददाता, पौड़ी: सुगम-दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों और कर्मचारियों को समस्याओं
जागरण संवाददाता, पौड़ी: सुगम-दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों और कर्मचारियों को समस्याओं के समाधान के लिए अब अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने होंगे। अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) आरके उनियाल ने कहा कि अधिकारी मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण करेंगे। जो समस्याएं उच्च अधिकारियों से संबंधित होंगी, उन्हें उसी समय अधिकारियों को भेजा जाएगा। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों की ओर से मंडल के सभी जनपदों के शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
अभी तक शिक्षकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कभी बीईओ, कभी सीईओ कार्यालय या फिर अपर शिक्षा निदेशक के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को ज्यादा परेशानी होती है। कभी अधिकारी बैठकों में तो कभी विभागीय कार्यो के चलते कार्यालय से बाहर रहते हैं, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं का तय समय पर निराकरण नहीं हो पाता है।
इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने अब विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान ही शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्या को भी सुनने की योजना बनाई है। गढ़वाल मंडल के अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक आरके उनियाल ने बताया कि यह योजना शिक्षक, कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए बनाई गई है। शिक्षकों की सेवा संबंधी शिकायत, सुगम-दुर्गम का चयन आदि समस्याओं का निराकरण होगा। इससे न्यायालयों में वाद कम दायर होंगे। कहा कि वे जिस भी जनपद में जा रहे हैं वहां के शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।