पालिका कर्मी रहे हड़ताल पर
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: बीते मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गोला पार्क बाजार क्षे
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल:
बीते मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गोला पार्क बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गए पालिका दस्ते के साथ गाली गलौज और हाथापाई करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में अतिक्रमण हटाओ अभियान में पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नगरपालिका के कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने बुधवार को हड़ताल कर दी। उन्होंने पालिका कार्यालय बंद कराकर कार्यालय के सम्मुख नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में उपजिलाधिकारी रजा अब्बास और तहसीलदार अबरार हुसैन और पालिका अध्यक्ष के साथ हड़ताली कर्मचारियों की वार्ता में सहमति बनने के बाद हड़ताल समाप्त की।
उपजिलाधिकारी रजा अब्बास ने कहा कि भविष्य में अतिक्रमण हटाने के अभियान में पुलिस बल के साथ ही मजिस्ट्रेट भी रहेंगे। बीते मंगलवार को अतिक्रमण हटाने गए नगरपालिका कर्मचारियों के साथ गाली गलौज और हाथापाई करने के आरोप में पालिका कर्मचारियों की ओर से तीन व्यापारियों को नामजद करते पालिका अध्यक्ष को रिपोर्ट देते तत्काल कार्यवाही करने की मांग पर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने इस मामले में कानूनी कार्यवाही को लेकर श्रीनगर कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल उत्तम सिंह ने कहा कि तहरीर पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
पालिका के सफाई कर्मचारियों के भी हड़ताल पर चले जाने से शहर में बुधवार को जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी बिखरी रही। पालिका कर्मचारियों के भी हड़ताल में रहने से पालिका कार्यालय में भी कोई कार्य नहीं होने पर लोग भटकते रहे। पालिका अध्यक्ष विपिन मैठाणी और जितेंद्र रावत, अनूप बहुगुणा, मनीष नौटियाल, भगत सिंह डागर आदि सभासदों ने हड़ताली पालिका कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताया। तीन व्यापारियों के खिलाफ कार्यवाही को लेकर पालिका कर्मचारियों की ओर से मिले पत्र पर अधिशासी अधिकारी डीएस राणा ने श्रीनगर कोतवाली में तहरीर दी थी।
जवान किसान मोर्चा, नागरिक सुरक्षा मंच और बसपा ने अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी रखने का अनुरोध पालिका अध्यक्ष से किया। इस मौके पर प्रभाकर बाबुलकर, पृथ्वी सिंह बिष्ट, वीरेंद्र रवि, जवान किसान मोर्चा के सत्यपाल नेगी, नागरिक सुरक्षा मंच के जयबल्लभ पंत, राकेश सेमवाल, अनूप बहुगुणा ने विचार व्यक्त किए।