पंचतत्व में विलीन हुए 'कर्मठ'
जागरण संवाददाता, कोटद्वार: वयोवृद्ध पत्रकार व क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी कुंवर सिंह नेगी 'कर्मठ'
जागरण संवाददाता, कोटद्वार: वयोवृद्ध पत्रकार व क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी कुंवर सिंह नेगी 'कर्मठ' की पार्थिव देह गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। विभिन्न संगठनों ने श्री नेगी के निधन पर शोक जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।
सनद रहे कि बुधवार शाम करीब छह बजे श्री नेगी ने यहां कालाबड़ स्थित अपने निवास में अंतिम सांस ली। गुरुवार दोपहर करीब बारह बजे उनकी अंतिम यात्रा उनके आवास से शुरू हुई। क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उनकी अंतिम यात्रा में शामिल शामिल हुए। बाद में खोह नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम में श्री नेगी के पुत्रों ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
इधर, कर्मठ के निधन के चलते गुरुवार को क्षेत्र में शोक की लहर रही। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कर्मठ जी के असामयिक निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि कर्मठ जी के निधन से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। लैंसडौन क्षेत्र के विधायक दिलीप रावत, पूर्व विधायक संतन बड़थ्वाल, शैलेंद्र सिंह रावत, हंस कल्चरल सेंटर के संस्थापक भोले जी महाराज, माता मंगला, सेंटर के उत्तराखंड प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट, शैलेंद्र सिंह बिष्ट, दीपक बडोला, संजय मित्तल के अलावा हिमालयन प्रेस क्लब, नगर उद्योग व्यापार मंडल, उत्तरांचल नशाबंदी परिषद, भाजपा ने भी कर्मठ के निधन पर गहरा शोक जताया।