जारी है भोजनमाता कामगार यूनियन का संघर्ष
संवाद सहयोगी, पौड़ी: सेवा से हटाई गई भोजन माताओं की बहाली के लिए भोजन माता कामगार यूनियन का शिक्षा विभाग में घेरा डालो, डेरा डालो कार्यक्रम जारी है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
गौरतलब है कि जनपद के विभिन्न स्कूलों में सेवाएं दे रही भोजनमाताओं में से 18 को स्कूल प्रबंधन ने सेवा समाप्ति का फरमान सुनाया है। इसे तुगलकी करार देते हुए कामगार यूनियन की दर्जनों कार्यकत्रियां आंदोलन कर रही हैं। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में भोजन माताओं की तैनाती को लेकर जो आदेश शासन से जारी हुए थे उसमें संशोधन हो गया है। बावजूद इसके कुछ विद्यालयों में भोजन माताओं की छुट्टी कर दी गई है। यह उनके साथ अन्याय है। इस तरह की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर जोरदार नारेबाजी हुई। जनपद के कल्जीखाल, खिर्सू, एकेश्वर, जयहरीखाल, द्वारीखाल जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आई भोजन माताओं ने भी संघर्ष के लिए विभागीय परिसर में ही डेरा डाला है। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज जुगरान ने भी भोजन माता यूनियन के आंदोलन को समर्थन दिया।
इस मौके पर सीटू के देवानंद नौटियाल, यूनियन की जिलाध्यक्ष रोशनी भंडारी, सुरक्षा देवी, विजय बिष्ट, आशा देवी, रीना देवी, सुनीता देवी, सुमन देवी, चंद्रकला आदि ने विचार रखे।