पालिका ने चलाया पॉलीथिन रोको अभियान
संवाद सहयोगी, कोटद्वार :
नगरपालिका के लाख प्रयासों के बावजूद नगर क्षेत्र में पॉलीथिन के प्रयोग पर पाबंदी नहीं लग पा रही है। पॉलीथिन पर रोक को नगरपालिका ने गुरुवार को नगर क्षेत्र में फिर से पॉलीथिन चेकिंग अभियान चलाया।
गुरुवार को तहसीलदार वेदपाल सिंह व नगरपालिका अधिशासी अधिकारी अमरजीत कौर के संयुक्त नेतृत्व में पालिका टीम ने नगर क्षेत्र में पॉलीथिन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक, गोखले मार्ग, स्टेशन रोड, गंगादत्त जोशी मार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान तीन दुकान स्वामियों को पॉलीथिन का प्रयोग करते पकड़ा गया। दुकान में मौजूद पॉलीथिन को कब्जे में ले लिया व दुकान स्वामियों का चालान भी किया गया। पालिका पिछले एक वर्ष से पॉलीथिन पर रोक लगाने के प्रयास कर रही है। इसके लिए पालिका की ओर से कानून भी बनाया गया है। बावजूद इसके नगर क्षेत्र में पॉलीथिन का प्रयोग बंद नहीं हो रहा है। इधर पालिका के गत वर्ष चलाए अभियान के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी पॉलीथिन का प्रयोग बंद हो गया था। लेकिन अब इन क्षेत्रों में भी फिर से इसका प्रयोग शुरू हो गया है।
नगर क्षेत्र में पॉलीथिन के प्रयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। इसके लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
अमरजीत कौर, पालिका अधिशासी अधिकारी