सेना का दल गढ़वाल दर्शन के लिए रवाना
संवाद सहयोगी, लैंसडौन: गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर से सेना के चार नवप्रशिक्षित अधिकारियों समेत नौ सैनिकों का अभियान दल गढ़वाल दर्शन के लिए रवाना हो गया। अभियान दल गढ़वाल दर्शन से 12 मई को वापस लौटेगा।
सोमवार को गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अभियान दल को कार्यवाहक डिप्टी कमांडेंट कर्नल गौतम गोहा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर गोहा ने कहा कि अभियान दल को भेजने का मकसद उन्हें गढ़वाल की संस्कृति, परिवेश, सभ्यता के साथ ही समस्याओं से रूबरू करवाना है। अभियान दल गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान रेजीमेंट की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी पूर्व सैनिकों को देगा। अभियान दल पूर्व सैनिकों से मिलकर उनकी समस्याओं से वापस लौटकर रेजीमेंट को भी अवगत करवाएगा ताकि पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों की परेशानियों का निस्तारण किया जा सके। अभियान दल में लेफ्टिनेंट विक्रम, लेफ्टिनेंट राजीव श्रेत्रीय, लेफ्टिनेंट वैभव, लेफ्टिनेंट राकेश भट्टी, नायब सूबेदार पूरण सिंह, सत्यपाल सिंह, हवलदार हुकुम सिंह, सोहन सिंह व नायक राजीव आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में सेंटर के धर्मगुरु पंडित सूबेदार मेजर महिधर प्रसाद चमोली ने पूजा-अर्चना कर अभियान दल की सफलता की कामना की।