पिंजरे में हुआ कैद गुलदार
संवाद सहयोगी, पौड़ी: घोड़ीखाल क्षेत्र में वन विभाग के पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। पकड़े गए गुलदार को वन अधिकारी हरिद्वार रेंज भेजने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में तीन गुलदार दिख रहे हैं। पिंजरे में कौन सा कैद हुआ कुछ नहीं कहा जा सकता।
पहली अपै्रल की रात घोड़ीखाल के निकट पैडुलस्यूं पट्टी के डुंगरी गांव निवासी रामचरण को गुलदार ने निवाला बना लिया था। तब से क्षेत्र के घोड़ीखाल समेत डुंगरी, कंडारा, जैराज, नौसेलू परसुंडखाल रछूली आदि गांवों में ग्रामीण गुलदार की दहशत से सहमे हुए थे। क्षेत्र में तीन पिंजरे लगाए गए हैं। बुधवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया।
क्षेत्रवासी जसपाल सिंह नेगी, गणेश सिंह, ईश्वर सिंह आदि ने बताया कि क्षेत्र में तीन बाघ लोगों को दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में एक गुलदार पिंजरे में कैद होने दहशत कम नहीं हुई। भय से सहमे लोग झुंड बनाकर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
डीएफओ राजमणि पांडे ने बताया कि कैद गुलदार का ऊपरी तरफ का दांत भी टूटा हुआ है। उम्र करीब छह सात साल के करीब मानी जा रही है। जिस स्थान पर घटना हुई थी उसी के नजदीक यह गुलदार पकड़ा गया। उसे रेस्क्यू सेंटर हरिद्वार या अन्य जगहों पर भेजने की तैयारी चल रही है।