युद्ध स्मारक में पुष्प चक्र
संवाद सहयोगी, लैंसडौन: पर्यटन नगरी में गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट और गढ़वाल स्काउट के कर्नल ऑफ द रेजीमेंट मेजर जनरल शरत चंद्र की अगुवाई में रेजीमेंट की 20 यूनिटों के कमान अधिकारियों ने युद्ध स्मारक में पुष्प चक्र अर्पित किए।
शनिवार को गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट में चल रहे द्विवार्षिक अधिवेशन में पहुंचे कर्नल ऑफ द रेजीमेंट मे.ज. शरत चंद्र समेत रेजीमेंट की 20 यूनिट के कमान अधिकारियों ने युद्ध स्मारक में शानदार ड्रिल के साथ पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पर मेजर जनरल शरत चंद्र ने कहा की रेजीमेंट के पूर्वजों ने प्रथम विश्व युद्ध से लेकर देश की आजादी के बाद लड़े गए सभी युद्धों में अदम्य साहस व विलक्षण बहादुरी का परिचय देकर देश रक्षा की खातिर प्राण न्यौछावर कर बलिदान दिया है। पूर्वजों की इस वीरता के कारण आज भारतीय थल सेना में ही नही, अपितु समूचे विश्व में गढ़वाल रेजीमेंट का विशिष्ट मुकाम है। कहा की गढ़वाल रेजीमेंट के हर सैनिक को इस बात का गर्व है की वह इस गौरवशाली रेजीमेंट का अंग है। कार्यक्रम के दौरान ब्रिगेडियर विनोद रायजादा, कर्नल अर्पित थापा, सेंटर सूबेदार मेजर पूरण सिंह रावत, आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।