48 घंटे में डेंगू से दो मौतें, ढाई हजार पहुंची मरीजाें की संख्या, कांग्रेसियों ने निकाली सीएम की शव यात्रा
शहर मे डेंगू के डंक का प्रकोप थम नहीं रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में रोजाना डेंगू के दर्जनों मरीजों के भर्ती होने सिलसिला जारी है।
हल्द्वानी, जेएनएन : शहर मे डेंगू के डंक का प्रकोप थम नहीं रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में रोजाना डेंगू के दर्जनों मरीजों के भर्ती होने सिलसिला जारी है। नाकाम स्वास्थ्य विभाग की तमाम कवायदों के बावजूद मौत का आंकड़ा शनिवार को 21 तक पहुंच गया। वहीं कुमाऊं में डेंगू की रोकथाम में फेल सरकार के विरोध में कांग्रेसियाें ने रविवार को प्रतीकात्मक तौर पर तिकोनिया में सीएम त्रिवेन्द्र सिंह की शवयात्रा निकाली।
जानकारी के अनुसार जजफार्म निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग चंद्र सिंह मेहरा को कुछ दिन पहले तबीयत बिगडऩे पर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका डेंगू टेस्ट पॉजीटिव पाया गया। परिजन ललित बिष्ट ने बताया कि बीते शुक्रवार की शाम को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें कि बीते कई दिनों से रोजाना हल्द्वानी में डेंगू ग्रसित एक मरीज की मौत हो रही है। स्वास्थ्य विभाग के तमाम अभियान व व्यवस्थाएं नाकाम साबित होने लगी हैं। जहां, बीते बुधवार की रात को डेंगू पीडि़त गर्भवती महिला से जन्मे नवजात की चंद घंटों में ही मौत हो गई थी, वहीं शुक्रवार को भी एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया था। इस लिहाज से देखें तो 48 घंटे के अंदर ही शहर में डेंगू के रोगियों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को 42 नए रोगी मिले
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को डेंगू के 42 नए रोगी मिले। इसमें बेस अस्पताल के 27, एसटीएच के 12 व प्राइवेट लैब के तीन रोगियों का लैब परीक्षण में डेंगू पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा डेंगू पॉजिटिव के 37 रोगी अस्पताल में भर्ती कराए गए। बेस चिकित्सालय में 14, एसटीएच में 13 व निजी अस्पतालों में 10 शामिल हैं। जिनका इलाज चल रहा है। अब तक कुल 2523 रोगियों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग ने की 53 घरों में फॉगिंग
जिला मलेरिया अधिकारी की टीम ने शनिवार को ढोलक बस्ती, गफूर बस्ती, किदवई नगर क्षेत्र के 53 घरों पर फॉगिंग की। 41 घरों में सोर्स रिडक्शन किया गया। टीम को 5 घरों में डेंगू का लार्वा मिला, जिसे नष्ट किया गया। इधर, चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, आशाओं की टीम द्वारा पीलीकोठी क्षेत्र के 439 घरों पर सोर्स रिडक्शन किया गया। लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी गई। यहां अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऊषा जंगपांगी, डॉ. बलवीर, डॉ. एके सिंह, नंदन कांडपाल, राघवेंद्र रावत, दीपक कांडपाल, हेम जलाल आदि मौजूद रहे।
स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य की टीम ने शनिवार को दो स्कूलों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही उन्हें डेंगू से बचाव की जानकारी दी गई।