किसानों के घर हाथियों का तांडव
हल्द्वानी : आनंदपुर गांव में तीन दिन से हाथियों ने दहशत फैला रखी है। रोजाना रात में झुंड जंगल से सटे कई घरों तक पहुंचकर तबाही मचा रहे हैं। दो दिन पहले ही चार परिवारों की मेहनत पर डाका डाला। शुक्रवार रात फिर से पांच हाथियों ने गन्ने की फसल रौंद डाली। जंगलात का भी गेट तोड़ डाला।
दरअसल, आनंदपुर गांव तराई केंद्रीय वन प्रभाग के भाखड़ा रेंज के जंगल से सटा है। बुधवार रात हाथियों के झुंड ने आनंदपुर गांव में किसान याज्ञेंद्र, यशवंत सिंह, वीरेंद्र सिंह, नंदन सिंह की गन्ने की फसल रौंदी थी। ग्राम प्रधान कुंदन सिंह बोरा ने बताया, शुक्रवार रात झुंड ने और दिनों से ज्यादा तबाही मचाई। लक्ष्मण सिंह, दीवान सिंह, प्रेम सिंह व लक्ष्मण सिंह की गन्ने की फसल पैरों से कुचल दी। बड़ा और रस वाला गन्ना खाया और बाकी जड़ से उखाड़ दिए। इससे करीब सात बीघा गन्ने की फसल नष्ट हो गई। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी आरएस बिष्ट व क्षेत्र के पटवारी मौके पर पहुंचे और किसानों के नष्ट गन्ने की फसल का आंकलन किया। क्षेत्र के ग्राम प्रधान ने भी जंगलात से हाथियों से किसानों की फसल बचाने के लिए इंतजाम करने की मांग उठाई। रेंजर बिष्ट ने बताया, जंगल किनारे कई साल पूर्व हाथियों के आबादी व खेतों में जाने से रोकने को खाई खोदी गई जो अब पट चुकी है।