सपा नेता की सास को परिवहन विभाग की कार ने ठोका
हल्द्वानी : सपा नेता और अपने दामाद से मिलने बेटी के साथ रिक्शे पर जा रही वृद्धा को परिवहन निगम की कार ने चपेट में ले लिया। टक्कर से मां-बेटी घायल हो गई। भीड़ ने भागने से पहले ही वाहन चालक को दबोच लिया।
जेल रोड सामुड़ी भवन निवासी आकिल हुसैन की पत्नी अफरोज जहां (58) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बेटी हिना के साथ रिक्शे से जा रही थीं। रिक्शा हीरानगर चौराहे पर पहुंचा ही था कि तभी परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक कुमाऊं की तेज रफ्तार कार ने रिक्शे को टक्कर मार दी। इससे मां-बेटी गंभीर रूप घायल हो गई। कार में केवल चालक मौजूद था। इससे पहले कि वह भाग पाता, लोगों ने उसे धर-दबोचा। लोगों की उससे खूब नोक-झोंक हुई। उसके बाद कार चालक ने अफरोज को अस्पताल में भर्ती कराया। अफरोज लाइन नंबर 17 निवासी समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष और अपने दामाद जावेद सिद्दीकी से मिलने जा रही थीं। जावेद ने बताया कि अफरोज को दाएं पैर पर फ्रैक्चर हुआ है। गुरुवार को ऑपरेशन होगा।