चांद रात पर जवां हुई ईद की बाजार
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : बरसात की मार से भीगी ईद की बाजार चांद रात को पूरी तरह जवां हो गई। लोगों ने जमकर खरीदारी की। शहर के अधिकांश हिस्सों पर जहां सन्नाटे का राज तो वहीं मुस्लिम इलाकों में रात मेले से माहौल रहा।
बात ताज चौराहे की करें या फिर लाइन नम्बर 17 और एक की। यहां लोगों का हुजूम था। हर बार की तरह इस बार भी यहां ईद की बाजार लगी, लेकिन मौसम के मिजाज से ईद का बाजार ठंडा पड़ा था। सोमवार सुबह भी काले बदला ने व्यापारियों के चेहरे पर शिकन ला दी, लेकिन दोपहर बारह बजे के बाद मौसम साफ होने लगा। जिसके बाद बाजार में रौनक लौटनी शुरू हो गई। सोमवार रात चांद का दीदार होते ही मंगलवार को ईद मनाने की तस्दीक कर दी गई। इस तस्दीक के साथ ही बाजार का रंग और गहरा हो गया। लोग घरों से निकले और जमकर खरीदारी की। इस बाजार में हर वर्ग के खरीदार के सामान मौजूद था। कपड़े बिके और युवाओं ने कुछ खास टोपियों को तवज्जो दी। जूते, चप्पल के साथ ईद की खास सिंवई की भी जमकर खरीदारी की गई। इसके अलावा घरों में लजीज व्यंजनों को पकाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई।