अलौकिक यात्रा को निकले भोले भक्त
हल्द्वानी : कैलास मानसरोवर यात्रा का आठवां दल गुरुवार को अपने अगले पड़ाव अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गया। दल में देशभर के 46 यात्री शामिल हैं। जिसका नेतृत्व सीबीआइ दिल्ली की डीआइजी दीपिका सूरी कर रही हैं।
दिल्ली से चलकर यह दल गुरुवार दोपहर काठगोदाम स्थित केएमवीएन के अतिथि गृह पहुंचा। यहां वरिष्ठ प्रबंधक करुणा अधिकारी व बीना सुयाल व रमेश चंद्र पांडे ने तीर्थयात्रियों को टीका लगाकर व फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। भोजन के बाद अद्भुत व अलौकिक यात्रा का आनंद उठाने के लिए यात्री बम भोले का जयकारा लगाते हुए अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए। दल में 20 महिलाएं 26 पुरुष शामिल हैं। जिसमें छह दंपती हैं। छत्तीसगढ़ निवासी राजेश्वरी गुप्ता कहती हैं कि अब तक इस प्रसिद्ध यात्रा के बारे में केवल सुना था। अब दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा।
बेंगलूर का एक पूरा परिवार यात्रा पर
बेंगलूर का एक पूरा परिवार यात्रा पर है। इसमें दिवाकर, गिरिजा, मनोज और अरुणा स्वामी शामिल हैं। गिरिजा का कहना है कि वह धार्मिक यात्रा पर अक्सर जाते रहते हैं। दिवाकर ने बताया कि पूरे परिवार को एक साथ जाने का मौका मिला। इससे बहुत खुश हैं।
परिवार की तरह है पूरा दल - दीपिका
कैलास मानसरोवर यात्रा के आठवें दल का नेतृत्व आइपीएस दीपिका सूरी कर रही हैं। इस समय वह दिल्ली सीबीआई में डीआइजी हैं। उनका कहना है कि इस दल में महिलाओं की संख्या अधिक है। सभी सदस्य परिवार की तरह हैं। अधिकांश राज्यों के लोग शामिल हैं। अलग-अलग गु्रप बनाए गए हैं। विदेश मंत्रालय ने भी जिस तरह के निर्देश दिए हैं, उनका पालन किया जाएगा।