जैव विविधता समझाने पहुंची साइंस ट्रेन
लालकुआ : जैव विविधता समझाने को दिल्ली से चली स्पेशल विज्ञान प्रदर्शनी ट्रेन लालकुआ स्टेशन पहुंची। यह ट्रेन चार दिन स्टेशन पर जैव विविधता संरक्षण के बारे में प्रदर्शनी के माध्यम से जागरूकता पैदा करेगी। इस दौरान दर्जनों स्कूलों के बच्चों व नगर वासियों ने जैव विविधता जानी।
मंगलवार प्रात: दस बजे नगर पंचायत अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा व पीसीसी सदस्य हरेंद्र बोरा ने साइंस एक्सप्रेस का उद्घाटन किया। साइंस एक्सप्रेस के मैनेजर राघव पाडिया ने बताया कि एसइबीएस की प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य भारत की जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन एवं उनसे जुड़े हुए विषयों पर जागरूकता फैलाना है। ट्रेन में जम्मू कश्मीर से लेकर कन्या कुमारी तक भारत की संस्कृति एवं सभ्यता को दर्शाया गया है। इस अवसर पर बच्चों व अध्यापकों ने प्रदर्शनी में जानकारी ली। वही छोटे बच्चों ने किड्स जोन में लुफ्त उठाया। रेल अधिकारियों ने साइंस एक्सप्रेस से अधिक से अधिक जानकारी लेने की अपील की। तहसीलदार आनंद सिह भंडारी, सभासद धन सिंह बिष्ट एवं स्टेशन मास्टर आरबी शुक्ला आदि मौजूद रहे।
साइंस एक्सप्रेस के मुख्य आकर्षण
प्रदर्शनी में भारत आने वाल साइबेरियन पक्षी के संरक्षण, गंगा नदी को साफ करने वाले कछुए, सबसे लंबा उड़ने वाले पक्षी, साल में एक बार खिलने वाला उत्तराखंड का राजकीय पुष्प ब्रहम कमल, बुराश व नंदा देवी को भी इस प्रदर्शनी में लगाया गया है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व की संस्कृति व जम्मू कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक भारत की संस्कृति को दर्शाया गया है। ट्रास हिमालय एवं हिमालय गंगा के मैदान, उत्तर पूर्व भारत, पश्चिमी घाट, रेगिस्तान एवं अर्ध-शुष्क क्षेत्र, डेक्कन प्रायद्वीप तथा तट एवं द्वीपों के बारे में भी जानकारी दी गई है।