मजदूरों का डाटा भी होगा आधार कार्ड से लिंक
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : फर्जी तरीके से योजनाओं का लाभ ले रहे श्रमिकों पर सख्ती करने के लिए श्रम
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : फर्जी तरीके से योजनाओं का लाभ ले रहे श्रमिकों पर सख्ती करने के लिए श्रम विभाग पंजीकृत श्रमिकों का डॉटा ऑनलाइन करने के साथ आधार कार्ड से लिंक करेगा। प्रदेश में करीब पौने दो लाख निर्माण श्रमिक श्रम विभाग में पंजीकृत हैं।
क्षेत्र समेत अन्य प्रदेशों से आए निर्माण श्रमिक आसानी से काम कर सकें और उनको कोई दिक्कत न हो इसके लिए श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए कई योजनाएं संचालित होती हैं। जिसमें श्रमिकों को समय-समय पर निर्माण किट के साथ साइकिल का वितरण किया जाता है। प्रदेश में कुल पौने दो लाख श्रमिक विभाग में पंजीकृत हैं। इसमें से कुमाऊं में करीब 70 हजार श्रमिक हैं। गत वर्ष श्रमिकों को हुए साइकिल वितरण में कई ऐसे श्रमिकों को योजना का लाभ मिला तो श्रम विभाग में पंजीकृत तो थे लेकिन कहीं काम नहीं करते थे। कुछ श्रमिक इधर-उधर से भाग कर आते हैं और काम के बहाने श्रम विभाग में पंजीकरण करा लेते हैं। ऐसे फर्जी श्रमिकों की पहचान व सख्ती के लिए श्रम विभाग सभी श्रमिकों का डाटा ऑनलाइन कर आधार कार्ड से लिंक करा रहा है। जिससे सही श्रमिक को ही योजना का लाभ मिल सकेगा। बता दें कि सरकार अब उन्हीं श्रमिकों को लाभ देगी जिनका डाटा आधार कार्ड से लिंक होगा।
---
कुमाऊं में करीब 70 हजार श्रमिक पंजीकृत हैं। इन श्रमिकों का डाटा आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। जिससे उचित श्रमिक को ही योजना का लाभ मिल सके।
= अनिल पेटवाल, उपश्रमायुक्त, कुमाऊं