95 कर्मचारियों को प्रमोशन का तोहफा
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार खत्म
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार खत्म हो गया है। निदेशालय में पदोन्नति सूची बनने के बाद भी जारी नहीं हो पाई थी, लेकिन गुरुवार को विभाग ने 95 कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी कर दी है।
निदेशालय और प्रदेश की विभिन्न आइटीआइ में पद रिक्त पड़े हैं। इन पदों को पदोन्नति से ही भरा जाता है। अधिकांश आइटीआइ कामचलाऊ व्यवस्था पर चल रही थी। गुरुवार को पदोन्नति की सूची जारी होने के बाद सभी कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर नए पदों पर नियुक्ति दे दी जाएगी। सूची में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पद पर एक प्रमोशन हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पद पर 36, वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक पद पर 15, कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक पद पर दो, कार्यशाला/भंडार परिचर से सहायक भंडार परिचर पर 37, सहायक भंडार परिचर से भंडार परिचर पद पर दो और दो कर्मियों को भंडार परिचर से भंडार अधीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। निदेशक प्रशिक्षण डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि लंबित पड़े सभी मामलों का निस्तारण किया जा रहा है। पदोन्नति को प्राथमिकता में रखा गया था। अन्य समस्याओं को भी जल्द समाधान किया जाएगा।