गली नंबर एक, समस्याएं अनेक
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : रामपुर रोड ऑटो स्टैंड के सामने गली नंबर एक छोटी जरूर है पर इसमें समस
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : रामपुर रोड ऑटो स्टैंड के सामने गली नंबर एक छोटी जरूर है पर इसमें समस्याएं अनेक हैं। गंदगी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। इसमें अधिकांश लोगों ने अपने शौचालयों के पाइप नाले में छोड़ रखे हैं। इस कारण नालियों में खुले में मल बहता है। इससे जहां संक्रामक रोग फैलने की आशंका है तो तमाम बार लिखा-पढ़ी के बाद भी नगर निगम प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है। लोगों का कहना है कि निगम कर्मी निरीक्षण करने तो पहुंचे लेकिन दुबारा लौटकर नहीं आए।
गली नंबर एक किसी भी स्वस्थ्य व्यक्ति को बीमार करने के लिए काफी है। गली इतनी संकरी है कि उसमें दुपहिया वाहन भी ढंग से नहीं जा सकता। इससे बड़ी समस्या गली से बह रहा गंदा नाला है। गंदे नाले में आसपास के घरों की गंदगी बह कर आ रही है। नाले में शौचालय की गंदगी बह रही है। दिन भर दुर्गंध फैली रहती है। सुबह के वक्त जहां लोग स्वच्छ हवा की कामना करते हैं। वहीं, इस गली में लोगों की सुबह गंदगी और दुर्गध के साथ होती है। लोगों का कहना है कि हर समय दम घुटने जैसे हालात बने रहते हैं।
----------------
-गली में गंदगी सबसे बड़ी समस्या है। गंदगी से बीमारी का खतरा बना रहता है। कई बार निगम से कहा गया, लेकिन कुछ नहीं किया।
- पंचम मेवाड़ी
-गली से नाला बह रहा है। जिसमें गंदगी जमा रहती है। नियमित सफाई भी नहीं की जा रही। जिससे दिक्कतें हो रही हैं।
- कुंदन
-नाले में लोगों ने शौचालयों के पाइप खोले हुए हैं। बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है।
-शैलजा बिष्ट
-गली में आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। संकरी होने के कारण इसमें लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार आवारा पशु लोगों को चोट पहुंचा चुके हैं। इन्हें पकड़ा जाए।
-शोभा
-पिक्चर हॉल के शौचालय की गंदगी सबसे बड़ी परेशानी है। हॉल में प्रतिदिन सैकड़ों लोग आते हैं। पूरी गंदगी नाले में ही आ रही है। जिससे दिक्कतें हो रही हैं।
-शैव्या देवी
-गली में और कोई समस्या नहीं है। नाले को अंडरग्राउंड करने की लंबे समय से मांग कर रहे हैं। उससे गंदगी से भी छुटकारा मिल जाता, लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
-अनीता बिष्ट
-नाले से जीना मुहाल कर रखा है। दुर्गध से परेशानी होती है। सुबह तो घर से बाहर निकलना ही मुश्किल हो जाता है।
-रचना गुप्ता